Kotdwar के दुगड्डा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पार्क से खेलकर घर लौट रहे आठ साल के मासूम की हाईवे पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।कोतवाल प्रदीप नेगी के अनुसार, दुगड्डा निवासी रविकांत गिरि का पुत्र अभिनंदन (8) घर के पास स्थित पार्क में खेलने गया था। शाम को घर लौटते वक्त वह हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान कोटद्वार की ओर आ रहा गैस सिलिंडर से भरा तेज रफ्तार ट्रक उसे टक्कर मार गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पास में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को 108 एंबुलेंस सेवा से बेस अस्पताल कोटद्वार भेजा गया। लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।अभिनंदन दुगड्डा में अपने दादा-दादी के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में कक्षा-2 का छात्र था। उसके पिता रविकांत गिरी उत्तर प्रदेश पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। परिवार मूल रूप से बरेली का रहने वाला है। उसके दादा मुन्ना गिरि राजकीय जूनियर हाईस्कूल बोरगांव में सहायक अध्यापक हैं और दुगड्डा में किराए के मकान में रहते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की असामयिक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।