दीपावली पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित चकराता रोड की स्थानीय दुकानों से मिट्टी के दीये, बर्तन और अन्य पारंपरिक स्वदेशी सामानों की खरीदारी की। इस अवसर पर सीएम ने स्थानीय दुकानदारों, कुम्हारों और हस्तशिल्पकारों से संवाद भी किया। साथ ही उन्हें पारंपरिक कलाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।सीएम ने दीपावली की खरीदारी के दौरान डिजिटल भुगतान (UPI) के माध्यम से सामान खरीदा और आम जनता से भी आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक स्थानीय उत्पादों और स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी करें, जिससे छोटे व्यवसायियों, कारीगरों को मजबूती मिले। सीएम ने कहा कि दीपावली का पर्व प्रकाश और समृद्धि का प्रतीक है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस शुभ अवसर पर हमें अपने देश के कारीगरों और स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहित करना चाहिए। स्वदेशी उत्पादों की खरीद न केवल हमारी परंपरा को जीवित रखती है, बल्कि ‘वोकल फॉर लोकल’ के संकल्प को भी सशक्त बनाती है।दीपावली की खरीदारी के दौरान सीएम ने चकराता रोड पर स्थित दुकानदारों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत भी की। दुकानदारों ने सीएम को बताया कि इस साल GST की कम दरों के कारण सामान सस्ता हुआ है, जिससे बिक्री पिछले सालों की तुलना में अधिक रही है।सीएम ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार दीपावली के दौरान व्यापार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन पीएम मोदी के ‘स्वदेशी अपनाओ’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान का भी परिणाम है, जिसके चलते लोगों ने स्थानीय दुकानदारों से अधिक से अधिक खरीदारी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed