विकासनगर: देहरादून जिले के विकासनगर स्थित सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागी वाला में दो पक्षों के विवाद में काफी बवाल देखने को मिला. एक विशेष समुदाय के आरोपियों पर एक युवक की हत्या का आरोप लगा. इसके बाद क्षेत्र में भयानक बवाल हो गया. इस दौरान अनेक अफवाहें भी फैली. इन्हीं अफवाहों में एक इंटरनेट सेवा बंद होने की भी थी. इंटरनेट बंद होने की अफवाह पर पुलिस की प्रतिक्रिया आई है.

सहसपुर क्षेत्र में इंटरनेट बंद नहीं है: सीओ ने इंटरनेट बंद होने से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि-

कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सहसपुर क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने संबंधी भ्रामक और असत्य समाचार प्रसारित किए जा रहें है. सहसपुर, विकासनगर क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद किए जाने की खबरें भ्रामक हैं. हम आम जन से अपील करते हैं कि अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें. ऐसी सूचनाओं को साझा न करें. सत्यापित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करें.
-विवेक सिंह कुटियाल, सीओ, विकासनगर-

हमला और हत्या के बाद बवाल हुआ था: शनिवार को सहसपुर के बैरागीवाला में पानी लगाने को लेकर दो पक्षों मे हुए विवाद ने क्षेत्र में बवाल मचा दिया था. मामला तब गम्भीर हो गया जब इस विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई. हमले तीन लोग गम्भीर घायल हो गए. हत्या का आरोप विशेष समुदाय के लोगों पर लगा. इसके बाद गुस्साए दूसरे पक्ष ने रविवार को हमलावरों के घरों में आगजनी कर दी. लोग इतने आक्रोशित थे कि पुलिस पर पत्थरबाजी की गई. सड़क पर जाम लगा दिया गया.

इंटरनेट बंद होने की अफवाह पर पुलिस की प्रतिक्रिया: लोगों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने आरोपियों के निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई भी की. इस दौरान क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात रहा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पैदल मार्च भी निकाला. ऐसे में सोशल मीडिया पर इंटरनेट बंद होने की अफवाहें भी सामने आई

अफवाहों से बचने की अपील: विकासनगर के सीओ विवेक सिंह कुटियाल ने जनपदवासियों एवं सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अनुरोध किया है कि किसी भी वीडियो, फोटो और समाचार को सत्यापित किए बिना साझा न करें. किसी संदिग्ध, भ्रामक सामग्री की सूचना तत्काल देहरादून पुलिस को दें. जिला पुलिस द्वारा लगातार सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों की मानिटरिंग की जा रही है. झूठी एवं भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के विरुद्ध दून पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सर्तक रहें, सत्यापित करें और अफवाहों से बचें.

सहसपुर में क्या हुआ था? पुलिस के अनुसार शनिवार 13 जून की शाम को सहसपुर के ग्राम बैरागी वाला में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था. इनमें से एक विशेष समुदाय के पक्ष के 30-40 लोगों ने दूसरे पक्ष के एक ही परिवार के अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार के साथ मारपीट की थी. आरोप है कि विनोद के सिर पर हथौड़े से वार किया गया. इलाज के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई.

गौरतलब है कि विनोद कुमार भाजपा का नेता होने के साथ ही कई हिंदूवादी संगठनों से भी जुड़ा था. इस घटना की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई. रविवार को जमकर बवाल हुआ. गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में आग लगा दी और पुलिस पर पथराव भी किया. जिसके बाद पुलिस को बल का प्रयोग भी करना पड़ा. इस बीच हाईवे को भी जाम करने की कोशिश की गई. ये विवाद कई घंटों तक चलता रहा. पुलिस इलाके में शांति व्यवस्था कायम करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. एसएसपी, एसपी सिटी समेत तमाम बड़े पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मोर्चा संभाले हुए थे.

अब तक क्या कार्रवाई हुई: इलाके में तनाव को देखते हुए देहरादून-पांवटा साहिब हाईवे पर रविवार शाम को आईटीबीपी को तैनात करना पड़ा. इस दौरान प्रशासन ने हत्या करने वाले आरोपियों के घर पर बुलडोजर भी चलाया. पुलिस ने इस मामले में अब तक रज्जाक, अमन, यूनूस, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इन्तेजार समेत 30-40 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. 4 आरोपयों रज्जाक, सलमान, जावेद और शहबाज को गिरफ्तार किया जा चुका है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *