देहरादून। उत्तराखंड में 12 नवंबर 2026 को कई महत्वपूर्ण खबरें सुर्खियों में रहीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी जिले के थत्यूड़ में जौनपुर महोत्सव का शुभारंभ करते हुए क्षेत्र को विकास योजनाओं की सौगात दी। वहीं, लेह में तैनात देहरादून के रहने वाले लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा के देश सेवा में बलिदान होने की खबर से प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। दूसरी ओर, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बयान पर पलटवार करते हुए राजनीतिक माहौल को गरमा दिया। आइए जानते हैं उत्तराखंड की दिनभर की प्रमुख खबरें।

 

उत्तराखंड ने देश की रक्षा में अपना एक और वीर सपूत खो दिया है। देहरादून के नागनाथ क्षेत्र निवासी भारतीय सेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा का लेह में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। उनके बलिदान की खबर सामने आने के बाद देहरादून सहित पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।

प्रभाकर थापा भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 5/3 गोरखा राइफल्स में तैनात थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन्होंने 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:15 बजे ड्यूटी के दौरान अंतिम सांस ली।

वर्ष 1984 में जन्मे प्रभाकर थापा को देश सेवा की प्रेरणा अपने परिवार से मिली थी। उनके पिता निर्मल थापा भारतीय सेना में हवलदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। प्रभाकर ने देहरादून के कैम्ब्रियन हॉल स्कूल से पढ़ाई की थी। वह वर्ष 2002 बैच के छात्र थे।

स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने संयुक्त रक्षा सेवा (CDS) परीक्षा उत्तीर्ण की और दिसंबर 2006 में तीसरी गोरखा राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया। करीब दो दशक के सैन्य करियर में उन्होंने कई दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में देश की सेवा की।

उनके निधन से परिवार और परिचितों में गहरा दुख है। देश की सेवा में उनके योगदान और समर्पण को उत्तराखंड हमेशा याद रखेगा।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में राज्यसभा सांसद एवं पूर्व भारतीय क्रिकेटर श्री हरभजन सिंह ने शिष्टाचार भेंट की।

मुख्यमंत्री ने श्री हरभजन सिंह का स्वागत करते हुए भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान, खेल के प्रति समर्पण और शानदार उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी से विश्व क्रिकेट में विशिष्ट पहचान बनाने वाले श्री हरभजन सिंह का खेल जीवन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री और श्री हरभजन सिंह के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *