उत्तराखंड रोडवेज ने दिल्ली, बरेली, हल्द्वानी, मुरादाबाद और आगरा जैसे प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त बसें संचालन करने का निर्णय लिया है। खास तौर पर दिल्ली रूट पर वाल्वो और साधारण दोनों तरह की बसों की संख्या बढ़ाई गई है।उत्तराखंड से दिल्ली रूट पर सामान्य दिनों में 18 वाल्वो बसें चलाई जाती थीं, जिसे बढ़ाकर अब 22 कर दिया गया है। इसके अलावा साधारण बसों की संख्या भी 4 से बढ़ाकर 6 कर दी गई है। कुल मिलाकर दिल्ली के लिए अब 30 से अधिक साधारण और 22 वाल्वो बसें संचालित हो रही हैं। बरेली रूट के लिए तीन अतिरिक्त बसें जोड़ी गई हैं। हल्द्वानी रूट सामान्यतः पाँच बसें चलाई जाती थीं, जिन्हें बढ़ाकर सात कर दिया गया है। मुरादाबाद रूट पर दो अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। आगरा रूट पर भी एक अतिरिक्त बस की सुविधा दी गई है।रोडवेज के अनुसार सामान्य दिनों में इन रूटों पर कुल 62 बसें चलती हैं, लेकिन त्योहारी सीजन में यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को आईएसबीटी देहरादून में यात्रियों की इतनी अधिक भीड़ उमड़ी कि टिकट लेने के लिए लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। पर्वतीय क्षेत्रों के लिए पर्याप्त बसें उपलब्ध नहीं होने के कारण दिक्कत और बढ़ गई। इस बीच ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों को बस न मिलने पर नाराज़गी जताते हुए हंगामा करना पड़ा।सूचना मिलने पर अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश के लिए बस उपलब्ध कराई। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि ऋषिकेश रूट पर हर पाँच मिनट में एक बस चलाई जाती है, और यात्रियों की ज़रूरत के अनुसार आखिरी समय तक सात बसें लगातार संचालित की जाती हैं। फिर भी अचानक बढ़ी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए अव्यवस्था पैदा हो गई।रोडवेज प्रशासन का कहना है कि वर्तमान में चल रही अतिरिक्त बसों के अलावा, यदि यात्रियों की भीड़ और बढ़ती है, तो आगे और बसें चलाई जाएंगी। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दिल्ली और अन्य प्रमुख रूटों की तरह मैदानी के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी बसों की संख्या में वृद्धि की जाएगी, ताकि किसी यात्री को परेशानी न हो। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तराखंड रोडवेज की ओर से की गई यह पहल स्वागत योग्य है। हालांकि पर्वतीय रूटों पर बसों की कमी अभी भी एक चुनौती बनी हुई है। लेकिन अधिकारियों ने साफ किया है कि यात्रियों की संख्या और आवश्यकता को देखते हुए बसों की उपलब्धता लगातार बढ़ाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *