जानकारी के अनुसार प्रदेश में वर्षा से नुकसान का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को आधी रात के बाद चमोली जिले के थराली कस्बे में बादल फटने से एसडीएम आवास और तहसील परिसर के साथ ही कई घरों में मलबा घुस गया। एक युवती के भी मलबे में दबे होने की सूचना है।तहसील मुख्यालय थराली बाज़ार केदारबगढ़, राडिबगढ़, चेपड़ों में भारी नुकसान बताया जा रहा है। पुलिस-प्रशासन की टीम बचाव एवं राहत कार्यों में जुटी है। मलबे में दबने से कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद जिला प्रशासन ने थराली तहसील के 12वीं तक के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में शनिवार को अवकाश घोषित कर दिया है।जिला आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार, रात करीब एक बजे थराली कस्बे में भारी वर्षा के बीच बादल फटा। इससे तेज प्रवाह के साथ आया पानी और मलबा कस्बे के कई आवासीय भवनों में घुस गया। सड़कें तालाब बन गईं। एसडीएम थराली के आवास और तहसील परिसर में भी मलबा भर गया।