देवाल के लोहाजंग में नए साल के जश्न के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हिल स्टेशन पर्यटकों से गुलजार हैं, जिससे स्थानीय व्यापारी उत्साहित हैं। हजारों पर्यटक रोज़ लोहाजंग बेस कैंप पहुंच रहे हैं, हालांकि कुछ बर्फ न होने से लौट रहे हैं। सभी होटल और होम स्टे बुक हैं और अतिरिक्त टेंट लगाए गए हैं। वन विभाग पर्यटकों की निगरानी कर रहा है ताकि शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।
यूथ हास्टल हिमालय ट्रैक्टर्स, ट्रेक द हिमालय के संयोजक भुवन सिंह दानू, लक्ष्मण सिंह राणा, महिपाल सिंह दानू, प्रदीप कुमार, बाबी बिष्ट ने कहा कि रोज हजारों पर्यटन लोहाजंग बैस कैंप आ रहे हैं जबकि कई पर्यटक बर्फ न होने से वापस लौट रहे हैं।
क्षेत्र के सभी होटल, होम स्टे में जगह न होने से टेंट लगाए गए हैं। ब्रह्मताल, भेकलताल पर्यटकों की पहली पसंद है। लोहाजंग के होटल व्यवसाई गंगा सिंह पटवाल ने कहा कि क्षेत्र में 15 होम स्टे व सात होटल हैं। सभी बुक हो गए हैं। अभी पर्यटक नए साल के स्वागत करने पहुंच रहे हैं।
बिना रजिस्ट्रेशन के कोई भी पर्यटन जंगलों में रात्रि विश्राम नहीं कर सकता है। पर्यटन स्थलों में प्लास्टिक नहीं ले जा सकते हैं। अभी तक आली वेदनी, ब्रह्मताल, भेकलताल में 500 पर्यटन मौजूद हैं। जंगलों व बुग्याली क्षेत्र में आग जलाना प्रतिबंध है। वन विभाग की टीम पर्यटकों पर पूरी नजर बनाए है। नए साल का जश्न शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए निर्देशित किया गया है।
सप्ताहंत और नए वर्ष का जश्न मनाने के लिए उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर सैलानी उमड़ने लगे हैं। पहाड़ों पर रौनक देखने लायक है। भले ही अब तक बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन इस आस को लेकर औली सहित अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच गए हैं। बर्फविहीन पर्वत शृंखलाएं भी उन्हें विशेष अनुभूति दे रही है।
औली में शुक्रवार को पर्यटकों के वाहनों का ऐसा रेला उमड़ा कि जाम लग गया। भीड़ का आलम यह रहा कि पर्यटकों को सड़क किनारे ही वाहनों को पार्क करना पड़ा। मसूरी, चोपता, धनोल्टी, टिहरी झील, कणाताल, नागटिब्बा, चकराता, लैंसडौन, रैथल व दयारा बुग्याल में भी पर्यटकों का तांता लगा हुआ है।
होटलों की बुकिंग 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंच गई है। 27 दिसंबर को को चौथा शनिवार और 28 को रविवार होने के कारण दो दिन पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।