मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के ग्राम 22 पुल, खिलड़िया स्थित छठ घाट पर छठ महापर्व के अवसर पर भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने छठी मैया एवं भगवान सूर्यदेव से समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छठ घाट पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं से भेंट कर उन्हें छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, अटूट आस्था, पवित्र परंपराओं और सामाजिक समरसता का अनुपम संगम है। भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना का यह पावन पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता, संयम, सेवा और सामूहिक सद्भाव का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति की उन महान परंपराओं में से एक है, जो हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने तथा पारिवारिक एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री ने खटीमा में छठ महोत्सव में किया प्रतिभाग, सूर्य देव नारायण से की प्रदेश की खुशहाली की कामना।

मुख्यमंत्री ने संजय रेलवे पार्क के पास छठ घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का किया लोकार्पण।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार देर शाम पूर्वांचल सेवा समिति खटीमा द्वारा आयोजित छठ महोत्सव में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने भगवान सूर्य नारायण की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वार्ड नंबर 14 संजय रेलवे पार्क के पास छठ घाट सौंदरीयकरण कार्य का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाए देते हुए छठी मईया और भगवान सूर्य नारायण से सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल सेवा समिति और सभी स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि छठ महापर्व आस्था,अनुशासन,तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनूठा संगम है। उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा यह संदेश देती है कि सम्मान केवल शिखर पर खड़े व्यक्ति का नहीं, बल्कि कठिन संघर्षों से गुजरने वाले हर व्यक्ति का होना चाहिए। यह महान पर्व उत्तराखंड और पूर्वांचल की संस्कृतियों को आपस में जोड़ते हुए विविधता में एकता की सुंदर मिसाल पेश करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार विकास भी और विरासत भी के मूल मंत्र को लेकर आगे बढ़ रही है, जिसके तहत खटीमा में आस्था के सम्मान और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खटीमा में हर साल आने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से ड्रेनेज प्लान स्वीकृत किया गया है, जिसका भूमिपूजन जल्द किया जाएगा। तथा खटीमा चौराहे से मेला घाट रोड तक हॉटमिक्स कार्य, मुख्य चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क चौड़ीकरण,मजोला रोड व नानकसागर से 17 मील (34 करोड़ रुपये) तक की सड़कों के निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। देश के सीमावर्ती गांवों को श्प्रथम गांवश् की संज्ञा देते हुए मेलघाट,सिसैया, नगला तराई जैसे गांवों के विकास के लिए 12 करोड़ रुपये के प्रस्ताव तथा भारामल बाबा मंदिर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास कार्य किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा में केंद्रीय विद्यालय की नई शानदार इमारत तैयार हो चुकी है, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए केंद्रीय मंत्री द्वारा 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि की घोषणा की गई है और आईटीआई, पॉलिटेक्निक, बाईपास व अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना जैसे कार्य हुए हैं। चकरपुर में वन चेतना मैदान और वनखंडी महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है, जो भविष्य में एक बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभरेगा। कार्यक्रम में विशिष्ट कार्यों के लिए पदाधिकारियों एवं चिकित्सक को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत अजय मौर्य,नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी,ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा,समिति के अध्यक्ष ठाकुर अजय सिंह, महेंद्र प्रताप,प्रकाश चंद तिवारी, रणजीत सिंह नामधारी,अंकित पांडेय,कमला सिंह, एसके पटेल,अजय प्रताप सिंह, नरेश यादव,अशोक सिंह, रंजना सिंह,जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *