Concept of road accident scene, High angle view of chalk outlined dead body covered under white cloth laying on road

बागेश्वर: पिछले कई दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता चल रहे वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व नगरपालिका सभासद धीरेंद्र सिंह परिहार का शव मिलने की खबर से जिले में सनसनी फैल गई. नगर के बाहर थुणाई के समीप नदी किनारे शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई. शव मिलने की खबर से परिजनों, अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है.

16 दिन से लापता वकील धीरेंद्र का शव मिलने से सनसनी: जानकारी के अनुसार धीरेंद्र परिहार उम्र 35 बीते 17 अक्टूबर से लापता चल रहे थे. उनके अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे. काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल पाया था. इसके बाद उनकी मां नंदी परिहार ने कोतवाली में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराते हुए पुलिस से बेटे को जल्द तलाशने की गुहार लगाई थी.

पुलिस को नहीं लग पाया सुराग: पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और कई स्तरों पर तलाश अभियान चलाया. इस बीच नुमाइशखेत क्षेत्र में कुछ सीसीटीवी कैमरों के तार काटने और कैमरों को नुकसान पहुंचाने की घटना भी सामने आई थी. इससे मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं.

सोमवार को लोगों ने चक्का जाम किया था: सोमवार को धीरेंद्र परिहार का सुराग नहीं मिलने पर परिजनों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने एसबीआई तिराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था. आंदोलन में विधायक पार्वती दास भी शामिल हुई थीं. लोगों ने पुलिस से जल्द धीरेंद्र को ढूंढने और मामले का खुलासा करने की मांग उठाई थी.

गोमती नदी के किनारे मिला शव: मंगलवार को थुणाई के समीप नदी किनारे शव मिलने की सूचना पर जिले के विभिन्न थानों की पुलिस और रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेजा गया. पुलिस की मौजूदगी में नदी और आसपास के क्षेत्र में खोजबीन की गई. धीरेंद्र परिहार की गुमशुदगी और अब शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा. घटना से बागेश्वर के अधिवक्ता समाज और नगरवासियों में गहरा दुख व्याप्त है. विभिन्न संगठनों ने भी दुख जताया है.

पुलिस आज मामले का खुलासा करेगी: बागेश्वर पुलिस ने बताया कि-

धीरेन्द्र परिहार का शव बरामद कर लिया गया है. पुलिस के द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. 4 नवम्बर को पुलिस अधीक्षक के द्वारा इस संदर्भ प्रेस वार्ता कर अधिक जानकारी दी जायेगी.
-अजय शाह, सीओ, बागेश्वर-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed